कार्य के घटित होने का समय प्रदर्शित करने के रूप को "काल" कहते हैं। "काल" का सामान्य अर्थ "समय" है। व्याकरण में "काल" क्रिया के उस रूपांतर या व्याकरणिक रूपांतर को कहते हैं जिससे क्रिया के घटित होने के समय का पता चलता है। कामता प्रसाद गुरु के अनुसार (हिंदी व्याकरण, 1946:221) "क्रिया के उस रूपांतरण को काल कहते हैं जिससे क्रिया के व्यापार का समय तथा उसकी पूर्ण अथवा अपूर्ण अवस्था का बोध होता है। डॉक्टर सूरजभान सिंह का विचार (हिंदी का वाक्यात्मक व्याकरण, 1985:349) है कि "काल (टेंस) और समय (टाइम) के बीच अंतर समझना होगा। "काल" व्याकरणिक कोटि है जिसकी सत्ता व्याकरण से बाहर नहीं है। "समय" लौकिक कोटि है जिसका संबंध जगत से है। समय अनादि और अनंत है जिसका खंड नहीं हो सकता है। तथापि वक्ता या लेखक की दृष्टि से "समय" के तीन भाग कल्पित किए जा सकते हैं जिसमें वक्ता या लेखक बोलता हो या लिखता हो उसे "वर्तमान काल" उसके पहले का समय "भूतकाल" और बाद का समय भविष्य कहलाता है। इन तीनों कालों का बोध क्रिया के रूप से होता है। इसलिए क्रिया के रूप भी काल कहलाते हैं, जैसे, "वह जा रहा है" से यह पता चल पाता है कि क्रिया वर्तमान काल में घटित हो रही है। "वह जाएगा" से क्रिया के भविष्य काल में घटित होने का पता चल रहा है और "वह गया" से क्रिया के वर्तमान से पूर्व घटित हो चुकने की सूचना मिलती है। "काल की इन अवस्थाओं को क्रमशः वर्तमान काल, भूत काल और भविष्य काल कहा जाता है।
वाक्य रचना के दृष्टिकोण से काल (वर्तमान काल, भूत काल और भविष्य काल) के और विभाजन संभव हैं। परंतु इन वाक्यों पर ध्यान दें –
अगर वह आता तो मैं उसके साथ ज़रूर जाता (शर्त)।
अगर आपने पहले कहा होता तो काम ज़रूर हो जाता (शर्त)।
काश! वे भी इस वक्त यहाँ होते (इच्छा)।
काश! मैं भी आपके साथ गया होता (इच्छा)।
मैं चाहता हूं कि आप भी मेरे साथ चलें (इच्छा)।
शायद, वह पास हो जाए (संभावना)।
भगवान आपको सफलता दे (कामना)।
कल अनुपस्थित न रहें (अप्रत्यक्ष आदेश)।
उससे कहिए जल्दी काम समाप्त करे (अप्रत्यक्ष आदेश)।
मैं कक्षा में आऊँ (अनुज्ञा याचना)।
शायद, वह यहीं रहता हो (नित्य संभावना)।
संभव है वह भी आ रहा हो (सातत्य संभावना)।
हो सकता है आपने भी खबर सुनी हो (पूर्ण संभावना)।
अगर बत्ती जल रही हो तो बंद कर देना (शर्त सातत्य)।
अगर का काम हो चुका हो तो बता देना (पूर्ण शर्त)।
मुझे ऐसा सहायक चाहिए जो काम से घबड़ाता न हो (शर्त नित्य)।
उसने ऐसा हड़कंप मचाया जैसे भूचाल आ गया हो (पूर्ण कल्पना)।
वह ऐसे बात करती है जैसे/मानो प्रभारी वही हो (कल्पना सातत्य)।
क्या इन वाक्यों से काल विभाजनों का पता नहीं चलता है। अतः भाषा में केवल "काल" के अनुसार वाक्य विन्यास या वाक्य रचना की शिक्षा दी जाती है तो मातृ भाषा से इतर भाषी व्यक्ति को भाषा सीखने में सफलता नहीं मिलेगी। इसी प्रकार हिंदी भाषा में भी केवल तीन काल बता देने से ही भाषा नहीं सिखाई जा सकती है बल्कि इसके लिए "वृत्ति" और "पक्ष" की भी शिक्षा दी जानी चाहिए। हिंदी भाषा की शिक्षा में आधुनिक शोध एवं प्रवृत्तियों को शामिल किया जाना चाहिए। इन वाक्यों को वृत्ति और पक्ष के अनुसार पढ़ाया जाना चाहिए। इन वाक्यों में प्रयुक्त क्रिया रूपों से क्रिया की प्रकृति का पता चलता है। क्रिया के जिस रूप से उसकी प्रकृति का पता चलता है उसे "वृत्ति" कहा जाता है। परंपरागत वैयाकरण "वृत्ति" को "अर्थ" भी कहते थे जिससे किसी कार्य व्यापार या अवस्था के घटित या विद्यमान होने का बोध होता है। जिन वाक्यों से आज्ञा, इच्छा, संभावना आदि का बोध होता हो उन्हें "वृत्ति" या "प्रकार" कहा जाता है। इन्हें आज्ञार्थक वृत्ति (इंपरेटिव मूड), संकेतार्थक वृत्ति (इंडिकेटिव मूड) और संभावनार्थक वृत्ति ("सबजंक्टिव मूड) कहते हैं।
- डॉ. दलसिंगार यादव
***********